बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: खारसी परिवहन सभा के एक ट्रक चालक ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बागा के मुख्य गेट पर गाड़ी खड़ी कर विरोध जताया। खारसी परिवहन सभा के मीडिया प्रभारी कुलदीप ठाकुर ने कहा कि आज अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बागा के मुख्य गेट शालुघाट में खारसी परिवहन सभा के एक ट्रक चालक जो पिछले शनिवार को गाड़ी में सीमेंट लोड करके पंडोह मंडी गया था। वहां पिछले 7 दिनों से डीलर द्वारा इस सीमेंट की गाड़ी को खाली नहीं किया गया।खारसी परिवहन सभा द्वारा कंपनी के उच्च अधिकारियों तक से बात की गई लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई तो खारसी परिवहन सभा द्वारा लोड गाड़ी को वापस मंगवा लिया और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट के मुख्य गेट पर खड़ा कर दिया।
देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ट्रक ऑपरेटर और ड्राइवर इकट्ठा हो गए , जिससे वहां पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कंपनी द्वारा ट्रक ऑपरेटरों का जो शोषण हो रहा है उसके विरुद्ध आवाज उठाई। लगभग एक घंटे के बाद कंपनी प्रबंधन द्वारा सभा के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया जिसमें खारसी सभा के प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर, महासचिव दौलत सिंह ठाकुर, चेयरमैन परमानंद,उप प्रधान धर्मपाल,कोषाध्यक्ष चमन लाल, गिरधारी, पुरुषोत्तम, जीतराम और कंपनी की तरफ से लॉजिस्टिक हेड पंकज मल्होत्रा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कहा गया कि गाड़ियों को दो-दो दिन लोडिंग करने में और हफ्ता हफ्ता अनलोडिंग करने में लग रहा है, पार्किंग ना होने के कारण जाम की समस्या हो रही है। जिसके कारण आमजन और ट्रक चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा के किसी भी सूरत में ट्रक ऑपरेटरों और ड्राइवरों का शोषण सहन नहीं किया जाएगा । इन सभी विषयों के ऊपर विस्तार से चर्चा हुई और कंपनी प्रबंधक के आश्वासन के बाद लगभग 4 घंटे बाद जाम को खोला गया और कंपनी प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा घटी तो उसके लिए कंपनी प्रबंधक स्वयं जिम्मेदार होगी, नहीं तो प्रबंधक कमेटी खारसी को कंपनी के खिलाफ सख्त निर्णय लेने पड़ेंगे।
