भावना शर्मा, शिमला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंडी युवा संकल्प रैली को लेकर कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साध रही है। कांग्रेस का कहना है कि मोदी की मंडी युवा संकल्प रैली से एक बार फिर से हिमाचल के लोगों को निराशा हाथ लगी है। कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री हिमाचल को दूसरा घर कहते है इसलिए हिमाचल के लोगों को उनसे उम्मीदें थी, लेकिन आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जुमलेबाजी के अलावा प्रदेश को कुछ भी नहीं दिया। यहां तक की महगांई, बेरोजगारी का प्रधानमंत्री ने कहीं जिक्र तक नहीं किया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि 2017 के चुनावों से पहले 69 नेशनल हाईवे देने का केंद्र सरकार ने ऐलान किया था। एक भी नेशनल हाईवे नहीं बना है। हिमाचल को वीरभूमि कहा जाता है लेकिन अग्निपथ योजना लाकर केंद्र सरकार ने हिमाचल के युवाओं के सेना के लिए रास्ते भी बंद कर दिए है। प्रधानमंत्री से आज उम्मीद थी कि जनता के मुद्दों पर प्रधानमंत्री बात करेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। किसान-बागवान परेशान है। सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में बात कही थी जो आजतक पूरी नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि पर्यटन की बात प्रधानमंत्री ने कही लेकिन हिमाचल में पर्यटन को विकसित करने के लिए केंद्र सरकार ने कोई मदद नहीं दी जिसके चलते पर्यटन कारोबार की हालत भी प्रदेश में खस्ता है। प्रदेश कर्ज में डूबा है और सरकार इस तरह की रैली में करोड़ों खर्च कर रही है जिससे प्रदेश की जनता पर और बोझ बढ़ जाएगा।
