अरविंदर सिंह, हमीरपुर: सुजानपुर में आयोजित करवाई गई कांग्रेस की संकल्प रैली में खाली कुर्सियों ओर प्रियंका गांधी के रैली में शामिल ना होने पर अब भाजपा कांग्रेस की इस रैली को फ्लॉप रैली करार दे रही है। रैली को लेकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के प्रवक्ता अंकुश दत्त शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा है कि प्रियंका गांधी की रैली करवाकर प्रदेश की कांग्रेसी जमात में अपना बड़ा रसूख दिखाने के मंसूबे पाले राजेंद्र राणा ने अरमान सुजानपुर रैली में धरे के धरे रह गए। उन्होंने सुजानपुर में हुई कांग्रेस की रैली को महा फ्लॉप रैली करार दिया है।
उन्होंने दावा किया कि भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही कांग्रेस जिस हिसाब से प्रदेश में टूट रही है उससे कांग्रेस निराश है और निराश कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता प्रियंका गांधी ने भी ऐसे माहौल में इस रैली में आने से किनारा कर लिया। प्रियंका गांधी की जगह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जो इस रैली में पहुंचे थे वह भी मंच पर आकर हाथ जोड़ो पीछा छोड़ो जय रामजी की कहकर चलते बने है। यहां तक कि इस रैली में कांग्रेस के नेताओं को मंच के ऊपर से लोगों को रैली से उठ कर ना जाने की अपील करने पड़ रही थी।
अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि दिल्ली से हो हल्ला डालने का प्रशिक्षण लेकर आई कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा और विपक्ष के नेता होने की हैसियत की मजबूरी में मुकेश अग्निहोत्री ने थोड़ा सा गले पर जोर डालने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष और कांग्रेस के छ: बार के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह भी जब रैली में नहीं पहुंची और विधायक विक्रमादित्य सिंह भी नहीं आए तो रैली में मौजूद कांग्रेस के पदाधिकारी भी मौके से खिसक गए। वहीं मंच पर से कांग्रेस की गारंटियों कि घोषणाओं को भी उपस्थित लोगों ने अनसुना कर दिया।
अंकुश दत्त ने कहा कि अलका लांबा जो हमीरपुर ऊना रेलवे लाइन पर दिए गए बजट का प्रश्न उठा रही है। पहले उनको जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए कि हमीरपुर ऊना रेलवे लाइन प्रोजेक्ट के लिए कितने हजारों करोड रुपए की मंजूरी केंद्र सरकार ने दी थी और अलग-अलग बार के बजट में कितने रुपए की मंजूरी अब तक इस रेलवे लाइन के लिए मिल चुकी है इस तरह झूठ बोलकर वह जनता में हंसी का पात्र बन रही है।
