सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में एबीवीपी के प्रांत अधिवेशन के दूसरे दिन उद्घाटन सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यसभा सांसद व वरिष्ठ आरएसएस नेता डा. राकेश सिन्हा मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश में एबीवीपी ने शिक्षा को बचाने के लिए आंदोलन और संघर्ष किए हैं। इस कार्यक्रम में नौणी विवि के कुलपति डा. राजेश्वर चंदेल ने भी भाग लिया। एबीवीपी के प्रांत मंत्री आकाश नेगी ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रांत सम्मेलन में प्रदेश भर से छात्र कार्यकर्ता आए हैं। जिसमे अलग अलग विषयों पर प्रस्ताव रखे गए हैं। प्रांत अध्यक्ष सुनील ठाकुर को दोबारा से प्रांत मंत्री बनाया गया है। इसके साथ आकाश नेगी प्रांत मंत्री चुने गए है।
उन्होंने कहा कि 4 अक्टूबर तक चलने वाले इस अधिवेशन में पिछले साल की गतिविधियों पर चर्चा के साथ आने वाली सार की गतिविधियां तय की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अधिवेशन एक प्रकार से लघु हिमाचल का रूप पेश कर रहा है क्योंकि इसमें किन्नौर के दूरदराज क्षेत्रों से लेकर चंबा तक के छात्र भाग ले रहे हैं। अधिवेशन में छात्र हितों को लेकर विस्तार से चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन के बाद शाम को शहर में रैली निकाली जाएगी और ओल्ड बस स्टैंड पर जनसभा होगी। इस अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिलों से संगठन के करीब 800 कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं।
