बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार यानि आज हिमाचल प्रदेश में रैली के लिए आ रहे हैं। मोदी बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की सौगात देंगे। ऐसा पहली बार होगा कि बिलासपुर में जब नड्डा और प्रधानमंत्री एक साथ किसी मंच पर होंगे।
बता दें कि लुहणू मैदान में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली के लिए एचआरटीसी की 1,573 बसें बुक हैं। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि गुरुवार से बस सेवा पहले की तरह ठीक हो जाएगी। मीडिया सूत्रों के अनुसार रैली में सबसे ज्यादा लोग हमीरपुर से आएंगे।
प्रदेश सरकार ने मोदी की रैली में एक लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। बिलासपुर आने वाली बसों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बता दें कि बुधवार सुबह 11:30 बजे मोदी बिलासपुर एम्स का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद जनसभा कर चुनावी शंखनाद करेंगे। बिलासपुर में अपने कार्यक्रम के बाद पीएम अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव में शिरकत करेंगे।
