ऊना, राकेश -:ऊना में कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को जिला मुख्यालय में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य अनु ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला भी फूंका गया। महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मामले में तत्काल कार्रवाई करने और पार्टी का रुख स्पष्ट करने की मांग उठाई।
भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस गंभीर आरोपों के मामले में स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू की 11 महिला विद्यार्थियों की शिकायतों और आंतरिक समिति की जांच के बाद सांसद को प्रोफेसर पद से हटाए जाने से जुड़े मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्राओं को अंक बढ़ाने और परीक्षा में पास करवाने का प्रलोभन देकर कथित तौर पर उनका यौन शोषण किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है और ऐसे मामलों में शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष अनु ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोपों पर पार्टी खुलकर अपना पक्ष क्यों नहीं रख रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसे मामलों में जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने पीड़ित छात्राओं को न्याय दिलाने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अन्याय को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए और बेटियों को भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए।

