हमीरपुर, अरविंद- जिला हमीरपुर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने दो दिन के भीतर एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में सैलून में काम करने वाले एक व्यक्ति से 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है, जबकि एक अन्य मामले में महिला अपने विचाराधीन कैदी पति को कपड़ों के जरिए जेल के अंदर हेरोइन पहुंचाने का प्रयास करती पकड़ी गई। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों के संपर्कों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस थाना हमीरपुर के अंतर्गत कृष्णा नगर में रविवार रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक किराए के मकान में दबिश दी। इस दौरान वहां से 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान आकाश दीप सिंह निवासी मकबूलपुरा, अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी कृष्णा नगर में रहकर सैलून में काम करता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी कब से नशे के कारोबार में संलिप्त था और उसके तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं। बरामद चिट्टे की सप्लाई कहां की जानी थी, इसका भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।
वहीं, पुलिस की कार्रवाई में एक अन्य चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है। हमीरपुर सब जेल में बंद अपने विचाराधीन कैदी पति से मिलने पहुंची महिला के पास से कपड़ों की जांच के दौरान एक पेंट में छिपाकर रखी गई हेरोइन बरामद की गई। जेल में प्रतिबंधित पदार्थ पहुंचाने के इस प्रयास के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।इसके अलावा दो अन्य मामलों में भी पुलिस ने नशा बरामद किया है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद पुलिस नशे की सप्लाई चेन और आरोपियों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि सैलून में काम करने वाले व्यक्ति से 30.43 ग्राम चिट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है और आरोपी के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

