नीरज डोगरा,शिमला: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से बिलासपुर में एम्स अस्पताल का उद्घाटन किया गया तो वहीं उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी यहां पर संबोधित किया है। प्रधानमंत्री के इस दौरे और रैली को लेकर अब कांग्रेस भाजपा पर हमलावर हो रही है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के इस दौरे को निराशाजनक करार दिया है। उन्होंने कहा है कि बिलासपुर की रैली के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए थे बावजूद इसके प्रधानमंत्री ने हिमाचल के लिए कोई बड़ा ऐलान या राहत की घोषणा नहीं की।हिमाचल प्रदेश के लोगों को प्रधानमंत्री से बड़ी उम्मीदें थी जिस पर प्रधानमंत्री खरे नहीं उतरे।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा ने कहाकी अपने दौरे के दौरान भी प्रधानमंत्री ने केवल और केवल हिमाचल से जुड़ी अपनी यादों को सांझा किया और उन्हीं पर बात की जबकि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जो वादे 2014 में किए गए थे उसे लेकर एक शब्द भी प्रधानमंत्री की ओर से नहीं कहा गया। वहीं रैली में एचआरटीसी की बसें भेजी गई थी जिसके चलते आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि एम्स ओर मेडिकल कॉलेज की श्रेय लेने में प्रधानमंत्री लगे हुए हैं जबकि वीरभद्र सिंह की सरकार में एम्स को मंजूरी मिल गई थी जिसमें केंद्र की भाजपा सरकार नहीं रोड़ा अटका कर रखा था।
