भावना, पालमपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जिला पालमपुर इकाई ने विजय दशमी पर्व पर पथ संचलन का आयोजन किया। आयोजन में जिला की आठ इकाइयों (दो नगर खंड और छह ग्रामीण खंड) के क़रीबन दो सौ स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सभी कार्यकर्ताओं ने नगर में पथ संचलन करते हुए अनुशासन और संयम का प्रदर्शन किया।
इससे पूर्व स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए विभाग कार्यवाह कांगड़ा विपन ने कहा कि विजय दशमी पर्व पर जो मानसिक बल एक कार्यकर्ता को चाहिए वह शस्त्रों के पूजन से मिलता है। राष्ट्र को एक रखने का कार्य संघ कर रहा है। संघ की शाखा में यह भाव जागृत करने का भाव पैदा किया जाता है। देश से लगाव होना चाहिए। सभी में सामाजिक समरसता आवश्यक है। संघ ने जो कार्य अपने हाथों में लिया है उसे पूर्ण किया है।
उन्होंने बताया कि देश में जब भी कोई आपदा या युद्ध की स्थिति हुई उस दौरान स्वयंसेवक आगे आए और पूरी तन्मयता से निस्वार्थ भाव से अपना योगदान तन मन धन से दिया।
आयोजन में जिला संघचालक डाक्टर जगतार गुलेरिया,जिला कार्यवाह डाक्टर नरेंद्र सांख्यान, सहजिला कार्यवाह सत्य प्रकाश, जिला प्रचारक टीकम राम विशेष तौर पर मौजूद रहे।
