अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा की ओर से चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लगने से पहले ही विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री लगातार अलग-अलग जगहों पर जाकर शिलान्यास और उद्घाटनों को सिरे चढ़ा रहे है। सरकार की ओर से जल्दबाजी में किए जा रहे उद्घाटन और शिलान्यास पर कांग्रेस अब सरकार को घेर रही है।
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा है कि प्रदेश सहित हमीरपुर जिला में प्रदेश सरकार व केंद्र सरकार के विभिन्न योजनाओं के आनन-फानन में किए जा रहे उद्घाटन व शिलान्यास यह दर्शाते हैं कि सरकार को मालूम है कि सरकार के अब कुछ ही दिन बाकी बचे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की ओर से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में किए गए शिलान्यास व उद्घाटन अधिकतर विधायक निधि से बनाए गए हैं और कई अभी तक अधूरे ही चल रहे हैं । उन्होंने कहा कि सरकार की जल्दबाजी दर्शा रही है कि सरकार को विभिन्न एजेंसियों से यह जानकारी प्राप्त है कि भाजपा सत्ता से बाहर होने वाली है।
राणा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से सुजानपुर मिनी सचिवालय के अधूरे भवन का भी उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय ही इसका काम अधिकतर हो चुका था लेकिन आज तक इसे पूरा नहीं किया गया।
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं की ओर से कांग्रेस की 10 गारंटियों पर की जा रही टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि भाजपा का काम केवल लोगों को झूठ बोलना है जबकि कांग्रेस ने सोच समझकर ही अपनी घोषणा की है। राणा ने सरकार पर प्रदेश को भारी कर्ज तले डुबोने के आरोप भी लगाए । उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने चुनावी घोषणा पत्र पर क्यों बात नहीं कर रही? उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंचा है जिस पर भाजपा नेता कुछ भी नहीं बोल रहे हैं।
9 अक्टूबर को हो सकती है कांग्रेस के प्रत्याशियों की सूची जारी
कांग्रेस पार्टी के अंदर प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के विषय पर राजेंद्र ने कहा कि पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी 9 तारीख को मिलने जा रही है और इसी दिन पार्टी प्रत्याशियों के अधिकतर नामों की घोषणा भी कर दी जाएगी।
