राहुल चावला , शाहपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कमान संभाल ली है। अपने दो दिवसीय दौरे पर आज जेपी नड्डा हिमाचल पहुंचे और उन्होंने शाहपुर ओर हमीरपुर में पंच परमेश्वर सम्मेलनों को संबोधित किया। शाहपुर में पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे यह कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि चुने हुए प्रतिनिधि भी है। उन्होंने इस सम्मेलन में पहुंचे प्रतिनिधियों की भीड़ को मद्देनजर रखते हुए कहा कि कोई भी राजीनीतिक दल इतना बड़ा कार्यक्रम नहीं करवा सकता, जहां बाकी दल जितनी जनसभा नहीं कर पाते, उससे बड़ी हमारी बैठकें होती हैं । इसका कारण हमारे कार्यकर्ता है। ये सब साधना का परिणाम है जो पार्टी कार्यकर्ताओं ने कई साल तक की है। आज जो आप लोग यहां बैठे हैं उसके लिए आपने भी साधना की है। भाजपा भगवान रधुनाथ जी का रथ है, ऐसे ही चलता रहेगा। इस रथ को खींचने में आपने कितना सहयोग दिया ये सोचें । परिणाम के बाद सभी लोग बताएं कि अपने यहां उन्होंने पार्टी को कितने वोट दिलवाए।
जेपी नड्डा ने उपस्थित पदाधिकारियों ओर कार्यकर्ताओं से कहा की मैं एक ऑडिटर हूं सबके काम का हिसाब होगा। उन्होंने कहा की हर प्रतिनिधि का अपना एक हल्का है । वहां आप खुद सब कुछ है। हिमाचल में 3 हजार 215 पंचायतें हैं, इसमें 2 हजार 463 में भाजपा के प्रधान है। ऐसे ही निकायों में हमारी स्थिति है। ये ऐसे ही नहीं हुआ ये हमारी शक्ति है। इसी पूंजी को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि साल 1998 के चुनाव में वीरभद्र सिंह ने 40 लाख की घोषणा करते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। तब मैं स्वास्थ्य मंत्री बना, तो मेडिकल कॉउंसिल ने इंकार कर दिया। उस समय मेरी और धूमल जी की चर्चा हुई उस समय हमारे प्रभारी नरेंद्र मोदी थे तो उन्होंने चर्चा के लिए बुलाया । उस समय मेडिकल काउंसिल ने कहा कि आपको अवसर देते हैं 2 माह में व्यवस्था बनाओ। तब मेहनत करके काउंसिल ने हमें अस्थायी स्वीकृति दी। ये सब हमने इसलिए किया क्योंकि हमने सत्ता सुख के लिए नहीं बल्कि कुछ करने की ललक थी।
नड्डा ने अपनी उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि जब मैं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री था तो टांडा को सुपर स्पेशिलिटी बनाया। ये चंबा मेडिकल कॉलेज ऐसे ही नहीं मिल गया। सिरमौर में आइआइएम दिया, अब कोई व्यक्ति चंडीगढ़ या जालंधर नहीं जाएगा बल्कि बिलासपुर जाएगा । मेडिकल डिवाइस पार्क, बल्क ड्रग पार्क भारत और हिमाचल को पूरी दुनिया में स्थापित कर देगा। उन्होंने कर्तकर्ताओं से कहा कि राजनीति में भटकाने वाले बहुत मिल जाएंगे, तब उन्हें बोलना हमें अपने लिए नहीं बल्कि पार्टी के लिए आना होता है। आप कभी भटक मत जाना। हम अपने लिए नहीं मकसद से आए हैं और उसे पूरा करना है। आप लोगों का जमीनी स्तर पर संपर्क है तो संपर्क बनाओ। अपने मोहल्ले और गांव में प्रबुद्ध लोगों से जुडो। स्वयं सहायता समूह और संस्थाओं से संपर्क करो और अपने साथ जोड़ो। केंद्र और सरकार की योजना में फर्क, हिम केयर और आयुष्मान भारत में क्या फर्क है। कितने लाभार्थी हैं। उज्ज्वला योजना गृहणी योजना के कितने लाभार्थी हैं। ये सब आपका सिलेबस है। राजनीति में एजेंडा हमने सेट करना है।
