विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के देहरा के विधायक का स्वास्थ्य ठीक ना होने की वजह से वह मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। होशियार सिंह देहरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। लगातार चुनावों में डोर टू डोर प्रचार में जुटे रहे होशियार सिंह पत्थरी के असहनीय दर्द में थे, हालंकि एक समय ऐसा भी आया कि वह प्रचार नहीं कर पा रहे थे इसके बावजूद भी उन्होंने अपने समर्थकों के साथ पूरे विधानसभा क्षेत्र में नुक्कड़ सभाएं की।
प्रदेश में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 12 नवंबर को ही होशियार सिंह अपने परिवार सहित मुंबई चले गए थे, लेकिन यहां उनके विधानसभा क्षेत्र में यह अफवाह फैला दी गई कि होशियार सिंह मुंबई घूमने गए हैं। इसके बाद विधायक होशियार सिंह ने अपने ऑफिशियल फेसबुक पेज के माध्यम से यह जानकारी दी है कि वह अस्वस्थ हैं और अपना ईलाज करवाने मुंंबई आए हैं। उनके एक समर्थक ने भी फेसबुक पर पोस्ट किया है कि कि देहरा के विधायक होशियार सिंह का लीलावती अस्पताल मुंबई में इलाज चल रहा है इसलिए कोई भी कार्यकर्ता या समर्थक उन्हें कॉल न करे। जैसे ही होशियार सिंह स्वस्थ होंगे वह खुद संपर्क कर लेंगे।
वहीं होशियार सिंह के समर्थक व गुर्जर नेता सुभाष चंद ने बताया कि विधायक होशियार सिंह अभी अस्वस्थ हैं। उनका इलाज मुंबई के लीलावती अस्पताल में चल रहा है। अभी उनका पित्ताशय में पथरी का ऑपरेशन होना है। वहीं उनके प्रमुख नेता व मिडिया प्रभारी करनैल सिंह पटियाल ने कहा कि वह देहरा की जनता व सभी समर्थकों से अपील करते हैं कि वह सयम रखें। आठ मार्च को जीत का जश्न होशियार सिंह हम सबके साथ मनाएंगे।
होशियार सिंह देहरा से हैं निर्दलीय विधायक, इस बार भी निर्दलीय लड़ा है चुनाव
होशियार सिंह देहरा से निर्दलीय विधायक हैं और इस इस बार 2022 का विधानसभा चुनाव भी उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ा है। उन्होंने छह महीने पहले ही भाजपा पार्टी को ज्वॉइन किया था, लेकिन टिकट न मिलने पर बागी होकर चुनावी मैदान में उतरे और देहरा में बीजेपी प्रत्याशी रमेश धवाला और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. राजेश शर्मा को सीधी टक्कर दे रहे हैं। बीजेपी ने इन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्काषित भी कर दिया है, हालांकि होशियार सिंह पूरे पांच साल मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हनुमान बने रहे और देहरा में विकास करवाने में भी सफल रहे।
