सचिन शर्मा,मनाली: फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आए शिमला के पर्वतारोही आशुतोष की तलाश लगातार जारी है,लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हवाई रैकि से तलाश के लिए निकला रेस्क्यू दल भी खाली हाथ निराश वापिस लौटा है। दो दिन बीत चुके हैं इसके बाद भी हिमस्खलन में दबे पर्वतारोही का सुराग नहीं लगा है। आज से बेस कैंप बनाकर आगामी रेस्क्यू अभियान को अंजाम दिया जाएगा। बीते कल सुबह तीन बजे मनाली से रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई थी। दिन भर रेस्क्यू अभियान चला और प्रशासन की ओर से दो बार हवाई रैकी भी करवाई गई लेकिन पर्वतारोही का कोई अता पता नहीं चल पाया।
बता दें कि पर्वतारोही शनिवार सुबह 10 बजे के क़रीब फ्रेंडशिप पीक में आए हिमस्खलन के साथ नीचे की ओर लुढ़क गया था। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतरोहण संस्थान मनाली के निदेशक अविनाश नेगी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान में पंकज महंत, पवन कुमार, अंकुश कुमार, रविन्द्र कुमार व सचिन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि टीम घटनास्थल के करीब पहुंच गई थी लेकिन बर्फ की दरार के चलते टीम आगे नहीं बढ़ पाई। नेगी ने बताया कि संस्थान की ओर से रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा । आज सुबह दस सदस्यों की एक और टीम को रवाना किया गया है।
युवक को ढूढ़ने के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही हैं। आज रेस्क्यू के लिए भेजी गई टीम में नारायण दत्त,जितेंद्र, भुवनेश्वर,दीनानाथ,पूर्णचंद, नामग्याल नेगी,अमर सिंह,साहिल,चमनलाल मेडिकल असिस्टेंट और ड्रोन पायलट शामिल है। इसके अलावा एडवेंचर टूर ऑपरेटर एसोसिएशन कुल्लू मनाली मनाली प्रशासन और मनाली पुलिस की टीम की ओर से भी सर्च अभियान चलाया गया है।
