संजीव महाजन, नूरपुर: विधानसभा ज्वाली के तहत रानीताल 32 मिल मार्ग कुठेड़ में सड़क के किनारे यात्रियों की सुविधा के लिए एक वर्षाशालिका का निर्माण किया गया है, लेकिन इस वर्षाशालिका के अंदर जाकर बैठना और बस का इंतजार करना यहां के यात्रियों के लिए महंगा पड़ सकता है। यही वजह भी है कि अब यात्री इस वर्षाशालिका के अंदर जाने से कतराते हैं, लेकिन अगर कभी मौसम खराब हो तो उन्हें मजबूरन इसका सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में यह यहां लोग कभी भी किसी बड़े हादसे का शिकार हो सकते हैं। इसके पीछे की वजह है कि यह वर्षाशालिका पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है और इसकी हालत खस्ताहाल है।
इस वर्षाशालिका की छत का प्लास्टर भी गिर रहा है। तो वहीं दीवारों में भी दरारें आ चुकी हैं। हालत यह है कि जिस बारिश से बचाव के लिए यह वर्षा शालिका बनाई गई है वह खुद को ही बारिश के पानी से नहीं बचा पा रही हैं और अब बारिश का पानी भी इस वर्षा शालिका के अंदर आ रहा है। वर्षा शालिका की हालत इतनी खस्ता है कि यह कभी भी गिर सकती है और यहां यात्री हादसे का शिकार हो सकते हैं, लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि लोक निर्माण विभाग इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। विभाग की ओर से यहां किसी बड़े हादसे के होने का इंतजार किया जा रहा है।
कुठेड़ नढोली के बीडीसी सदस्य सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कई बार इस वर्षाशालिका की मरम्मत के लिए लोकनिर्माण विभाग ज्वाली को अवगत करवाया जा चुका हैं। बार-बार कहने के बाद भी आज तक विभाग के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी या यूं कहे की लोकनिर्माण विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा हैं। वर्षाशालिका के इस तरह के हालातों के चलते हैं यहां लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दियों के दिनों में लोग वर्षा शालिका के अंदर बैठकर बसों का इंतजार कर सकते हैं लेकिन इसकी ऐसी हालत होने के चलते लोग हादसे से के डर से बाहर खड़े रहने के लिए मजबूर हैं।
लोगों को मजबूर यहां बाजार में दुकानों में खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता हैं जो दुकानदारों के साथ भी अब यात्रियों के लिए भी परेशानी बनता जा रहा है। वहीं जब ग्रामीणों के इस समस्या के बारे में समर न्यूज़ ने लोक निर्माण विभाग ज्वाली के अधिशासी अभियंता जगतार सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि मुझे समर न्यूज़ के माध्यम से इस समस्या के बारे में पता चला है। जल्द ही वर्षा शालिका के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा और इसकी मरम्मत करवाई जाएगी।
