संजु चौधरी, शिमला: नए साल की पूर्व संध्या पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अचानक रिज मैदान पहुंच गए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रिज मैदान से होते हुए स्कैंडल पॉइंट और मालरोड पर घूमे। यहां उन्होंने इस दौरान व्यवस्थाओं को जांचा ओर पर्यटकों के लिए व्यवस्था कैसी हैं यह जांचा। इस दौरान उन्होंने स्कैंडल पॉइंट पर मीठे पान का भी मजा लिया। छात्र जीवन में रहते हुए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू इसी दुकान से पान खाया करते थे। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने यहां पान का आनंद लेते हुए अपने यूनिवर्सिटी के दिनों को भी याद किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कॉलेज के दिनों का किस्सा सांझा करते हुए कहा कि वे भी पहले नए साल के मौके पर वह टाउन हॉल की सीढ़ियों पर बैठते थे। रिज पर घूमकर नया साल मनाया करते थे। उन्होंने कहा कि रिज मैदान और माल रोड पर हिमाचल प्रदेश की राजनीति की चर्चाएं हमेशा ही गर्म रहती हैं। उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे के बाद शिमला के आम आदमी का मालरोड और रिज मैदान पर आना बेहद आम हैं। नए साल के मौके पर वह भी आम आदमी की तरह यहां घूमने के लिए पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री के साथ खूब चला सेल्फ़ी सेशन
रिज मैदान पर और स्कैंडल पॉइंट पर मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए पर्यटकों में होड़ लगी रही । पर्यटकों ने खूब सेल्फियां मुख्यमंत्री के साथ खिंचवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को नव वर्ष की बधाई दी।
