देवेंद्र कुमार,नाहन: व्यवस्था परिवर्तन की बात करने वाली कांग्रेस का सही स्वरूप अब लोगों के सामने आ गया है और एक साथ 6 सीपीएस बनाकर एक बड़ा बोझ प्रदेश की गरीब जनता के ऊपर कांग्रेस ने डाल दिया हैं। यह बात नेता प्रतिपक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पांवटा साहिब में कांग्रेस की ओर से 6 सीपीएस की नियुक्ति पर कांग्रेस को घेरते हुई कही।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कड़ी मशक्कत के बाद हिमाचल में कांग्रेस ने आधी अधूरी कैबिनेट बनाई हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस व्यवस्था परिवर्तन के बड़े दावे करती हैं मगर एक साथ 6 सीपीएस बनाकर कांग्रेस ने इतिहास रचते हुए यह दिखा दिया है कि उनका असली स्वरूप क्या हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन से पहले ही तीन कैबिनेट स्तर के लोगों की तैनाती कांग्रेस की ओर से की गई जबकि पूर्व सरकार ने कोई ऐसी फौज खड़ी नहीं की गई थी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पूर्व सरकार पर कर्ज लेने का आरोप लगाने वाली कांग्रेस 3 हजार करोड़ का कर्ज लेने की तैयारी में हैं और सरकार ने हाल में विधानसभा सत्र के दौरान कर्ज की समय सीमा बढ़ाने के लिए भी सत्र में बिल लाया हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्रिमंडल के गठन और सीपीएस की नियुक्ति के साथ ही प्रदेश की सरकार ने पहला तोहफा प्रदेश में डीजल में वैट बढ़ाकर किया हैं जिसकी सीधी मार प्रदेश की आम जनता पर पड़ने वाली हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है और बदले की भावना के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के 1 साल के निर्णय को निरस्त करना बेहद निंदनीय हैं और पहली मर्तबा देखने को मिला कि सरकार गठन के 10 दिन बाद ही प्रदेश की जनता को सड़कों पर उतरना पड़ा। उन्होंने कहा कि यही हालात रहे तो आने वाले समय में और विरोध का सामना प्रदेश सरकार को करना पड़ सकता हैं।
