सचिन शर्मा, मनाली: हिमाचल में समर सीजन की शुरुआत होने वाली हैं,यानी गर्मियों में पर्यटक अब हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख करेंगे। वहीं इस सीज़न में कुल्लू जिला सहित लाहौल स्पीति में भी काफी ज्यादा तादाद में पयर्टक घूमने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गर्मियों के पर्यटन सीजन को लेकर कुल्लू जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियां आरंभ कर दी हैं, ताकि कुल्लू,मनाली घूमने आने वाले सैलानियों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।
इसी के चलते एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा कार्तिकेयन इन दिनों कुल्लू जिला के विभिन्न प्रमुख पर्यटन स्थानों में जाकर वहां के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों से मुलाकात कर आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर चर्चा कर रही हैं। शुक्रवार को एसपी साक्षी ने हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक पर्यटन नगरी मनाली का भी दौरा किया ओर इस दौरान उन्होंने यहां पर स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना ओर आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों संग बैठक की।
इस दौरान एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा कार्तिकेयन ने कहा कि कुल्लू जिला में आने वाले दिनों में गर्मियों का पर्यटन सीजन आरंभ होने जा रहा हैं। ऐसे में काफी संख्या में पर्यटक मैदानी क्षेत्रों से कुल्लू जिला के विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े इसको लेकर आज मनाली में स्थानीय लोगों संग बैठक की गई हैं।
उन्होंने कहा कि जिला में आगामी पर्यटन सीजन को लेकर अतिरिक्त पुलिस फोर्स की भी तैनाती की जाएगी और सीसीटवी कैमरों को भी दुरूस्त किया जा रहा हैं। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने कहा कि वह स्वयं जिला के प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौर कर रही हैं और वहां की जनता संग बैठक कर उनकी समस्याओं को सुन रही हैं ताकि आने वाले पर्यटन सीजन में किसी को भी कोई दिक्कत का सामना ना करना पड़े।
