राहुल चावला, धर्मशाला: धर्मशाला में होने जा रहे जी-20 सम्मेलन के लिए आज डेलीगेटस धर्मशाला पहुंचेंगे। 19-20 अप्रैल को धर्मशाला में जी-20 की बैठक होगी। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से अपने स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। यह बात सुलह के विधायक विपन सिंह परमार ने सोमवार को सर्किट हाउस धर्मशाला में प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष को मोटे अनाज के रूप में मनाया जा रहा है, ऐसे में मोटे अनाज को जी-20 से भी जोडऩे की कोशिश की जाएगी।
19-20 अप्रैल की बैठक में रिसर्च एंड इनोवेशन इनिशिएटिव गैदरिंग के तहत नवीनतम अनुसंधान और नवाचारों पर चर्चा होगी। इसमें भाग लेने के लिए विश्व के अनेक देशों के टॉप साइंटिस्ट, नीति निर्माता और विशेषज्ञ धर्मशाला आ रहे हैं। परमार ने कहा कि डेलीगेटस आएंगे तो डेलिब्रेशन भी होगी। हिमाचल की संस्कृति, लोक कला से विदेशी डेलीगेटस रुबरु होंगे और हिमाचल की खूबसूरती को भी निहारेंगे।
परमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और आतंकवाद वर्तमान में बड़ी समस्याएं हैं। अभी आपने देखा कि दिसंबर में जो बर्फबारी और ठंड होती थी, वैसी ठंड, बर्फबारी व बारिश मार्च-अप्रैल में भी जारी रही। विश्व स्तर पर जो भी चुनौतियां हैं, उनसे निपटने के लिए सामूहिकता होना जरूरी है। इतने बड़े इवेंट की मेजबानी भारत को मिली है और धर्मशाला में भी बैठक होने जा रही है, केंद्र सरकार इस सारे इवेंट को स्वयं देख रही है।
