राकेश,ऊना: जिला ऊना के गांव नगल सलागड़ी में क्षेत्र में एक स्थान पर शराब का ठेका खोलने पर स्थानीय लोग लामबंद हो गए हैं। हैरानी इस बात यह है कि जहां पर शहीद सुरेंद्र सिंह के नाम का गेट प्रस्तावित था वहां अब शराब का ठेका खोल दिया गया हैं। शराब का ठेका खोले जाने को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को डीसी ऊना से मिला और उन्होंने शराब के ठेके को हटाए जाने की गुहार लगाई ।
ग्राम प्रधान व अन्य लोगों सहित शहीद सुरेंद्र सिंह के पिता सेवानिवृत्त सूबेदार छोटेलाल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि जिस स्थान पर शहीद के नाम पर गेट बनाया जाना था वहां पर शराब का ठेका खोल दिया गया हैं जो बिल्कुल गलत हैं। जिस जगह पर ठेका खोला गया है वहां पर गांव का स्टॉपेज भी हैं। किसी भी तरह से ग्रामीणों को यहां शराब का ठेका मंजूर नहीं हैं। शराब का ठेका खोले जाने से इसका असर युवा पीढ़ी पर पड़ेगा। यहां पर शराब का ठेका खोला गया है वहां पर स्कूल के बच्चों और महिलाओं का आना जाना लगा रहता हैं, इसलिए शराब के ठेके को वहां से हटाने की मांग की जा रही हैं।
उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की हैं कि शराब के ठेके को यहां से हटाकर किसी अन्य स्थान पर खोला जाए जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। वहीं ग्राम प्रधान आशा की माने तो गांव में शराब का ठेका खोलने के लिए गांव की पंचायत से परमिशन तक नहीं ली गई हैं। बिना परमिशन यह शराब का ठेका खोला गया हैं जिस कारण इसका असर गांव के लोगों पर पड़ेगा। महिला प्रधान की माने तो शराब का ठेका खोलने का मामला मौजूदा विधायक देवेंद्र भुट्टो के पास भी लेकर पहुंचे थे लेकिन अभी तक इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हुई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है की शराब के ठेके को यहां से हटाकर किसी और स्थान पर खोला जाए ताकि गांव में शराब का ठेका खोलने से माहौल खराब ना हो।
वहीं डीसी ऊना राघव शर्मा ने कहा की नंगल सलागड़ी पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल शराब के ठेके के विरोध में उनसे मिला हैं। उन्होंने कहा है कि इस मामले में एक्साइज विभाग को जांच किए जाने के आदेश दिए जाएंगे। अगर नियमों के अनुसार यह ठेका नहीं खुलना चाहिए तो उस पर कार्रवाई की जाएगी ।
