मंडी : धर्मवीर – एक और केंद्र सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा दे रही है, वहीं दूसरी और बेटियों के ऊपर हो रहे अत्याचार पर सरकार आंखें मूंद बैठी है। केंद्र की मोदी सरकार का अब दोमुहा चेहरा जनता के बीच सामने आया है। यह का जुबानी प्रहार आज मंडी में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रिंकू चंदेल ने किया है।
न्याय देने के बजाय महिला पहलवानों को किया जा रहा प्रताड़ित
रिंकू चंदेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीजेपी सांसद एवं कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष बृजभूषण शरण को गिरफ्तार करने की मांग कर रही है। लेकिन केंद्र की मोदी सरकार तानाशाह बन कर आरोपी को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जिन बेटियों के साथ अन्याय हुआ है उनको जेल में डाला जा रहा है, जबकि आरोपी को जेल में होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर के पदक विजेताओं को ही न्याय के लिए जंतर-मंतर पर बैठने को मजबूर होना पड़ रहा है, यह बेहद ही शर्मनाक है। भाजपा सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। रिंकू चंदेल ने कहा कि गरीब परिवारों से निकलकर ना केवल इन महिला पहलवानों ने अपने राज्यों का नाम रोशन किया बल्कि विश्व पटल पर देश का नाम चमकाया है। इन बेटियों ने जब अपने ऊपर हुए अत्याचार की आवाज उठाई तो इन्हें न्याय देने के बदले प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पहलवान अपने मैडल विसर्जित करने की बात कर रहे हैं, वह सही नहीं है। पूरा देश व महिला कांग्रेस तब तक महिला पहलवानो के साथ खड़ी हैं, जब तक उन्हें न्याय नहीं मिल जाता।
