अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में हुई भारी बारिश के चलते हमीरपुर शहर के लिए बनाई गई पेयजल योजना को भी नुकसान पहुंचा था जिसके चलते पिछले 5 दिनों से शहर में लोगों को पानी की किल्लत से दो चार होना पड़ रहा था। जिला प्रशासन व जल शक्ति विभाग की ओर से पेयजल योजना को शुरू करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा था लेकिन बार-बार हो रही बारिश के कारण लोगों के घरों को सप्लाई नहीं हो पा रही थी।
प्रशासन ने लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए हमीरपुर शहर में सात पानी के टैंकरों के माध्यम से लोगों को स्वच्छ पानी मुहैया करवाया जा रहा हैं। इसके साथ ही आज शाम तक हमीरपुर शहर की पाइपलाइन को भी रिपेयर कर लोगों को पानी मुहैया करवाया जाएगा।
बता दें कि भारी बारिश के चलते जल शक्ति विभाग की दर्जनों पानी की स्कीमें बर्बाद हो गई है और पिछले 5 दिनों से अकेले हमीरपुर शहर में ही पानी की सप्लाई बंद पड़ी हुई हैं। पानी की किल्लत की वजह से लोगों में हाहाकार मचा हुआ हैं। अभी तक पेयजल योजनाएं रीस्टोर नहीं हो पाई हैं जिसकी वजह से कहीं पर भी पानी की सप्लाई अभी जल शक्ति विभाग नहीं दे पा रहा हैं। व्यास नदी में पानी में सिल्ट आ जाने की वजह से इसे फिल्टर कर पाने में काफी मुश्किलें आ रही हैं। जल शक्ति विभाग की ओर से सभी संबंधित इलाकों में युद्ध स्तर पर काम करके योजना को शुरू करने का काम किया जा रहा हैं।
उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा ने बताया कि व्यास नदी में अधिक पानी आने के चलते हमीरपुर शहर के लिए स्थापित की गई पेयजल योजना को नुकसान पहुंचा था जिसको रिपेयर करने का काम किया जा रहा हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर शहर के कुछ भागो में शहर के साथ लगती हथली पेयजल स्कीम से पानी मुहैया करवाया जा रहा हैं। इसके साथ ही विभाग की ओर से 7 पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई हैं। उन्होंने बताया कि स्कीम के पानी की लीकेज को दुरुस्त किया जा रहा है और आज शाम तक हमीरपुर शहर को पानी की सप्लाई पूर्ण रूप से कर दी जाएगी।
