राहुल चावला, धर्मशाला: भारी बरसात के चलते जिला कांगड़ा में ट्रैकिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों पर पूर्णता प्रतिबंध लगा दिया गया हैं। पर्यटन विभाग कांगड़ा के उप निदेशक विनय धीमान ने कहा कि कांगड़ा जिला में मानसून सीजन में 15 सितंबर तक ट्रैकिंग सहित अन्य गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।
उन्होंने कहा कि इस बाबत आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के सेक्शन 34 के तहत जिला दंडाधिकारी डॉ. निपुण जिंदल ने आदेश जारी किए हैं। इसमें कांगड़ा जिला में 1500 मीटर तक की उंचाई वाले स्थानों में ट्रैकिंग जैसी गतिविधियां बंद रहेंगी। पुलिस प्रशासन ओर संबंधित उपमंडलाधिकारियों को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही जिला पर्यटन विकास अधिकारी को सभी होटल संचालकों तक इन आदेशों की जानकारी पहुंचाने के लिए कहा गया है,ताकि किसी भी स्तर पर पर्यटक ट्रैकिंग साइट्स की तरफ रूख नहीं करें।
जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने कहा कि बारिश के कारण उंचे स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बना रहता हैं इस बाबत पहले भी मानसून के दौरान ट्रैकर्स अपनी जान को जोखिम में डाल चुके हैं। कई बार प्रशासन ने ट्रैकिंग के दौरान उंचे स्थानों पर फंसे लोगों को भारी मशक्कत के साथ निकाला भी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह अप्रिय घटना न हो इस के कारण ही ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगाया हैं।
विनय धीमान ने कहा कि पर्यटन विभाग की ओर से सभी हित धारकों के साथ बैठक कर निर्देश जारी किए गए हैं कि वह पर्यटकों को ऊपरी क्षेत्रों में जाने से रोके और नीचे के क्षेत्रों में ही पर्यटन गतिविधियां संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
