अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): हमीरपुर में अब लोगों के घरों में गंदे पानी की सप्लाई नहीं होगी। लोगों को पीने के लिए साफ पानी मिलेगा। इसके लिए जल शक्ति विभाग ने ट्रायल तौर पर नादौन विधानसभा क्षेत्र और हमीरपुर के एक करीबी इलाके में बनी पानी की योजना पर हाईटेक गैस कम्युनिकेशन और यू वी फिल्टर लगाए हैं जिससे लोगों को अब साफ पानी पीने के लिए मिल सकेगा।
हमीरपुर ज़िला प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पानी फिल्टर करने के लिए एक ऐसा हाईटेक सिस्टम लगाया जाए जिससे लोगों को साफ पीने का पानी मिले और बरसात के सीजन में गन्दे पानी की वजह से बीमारी भी ना फैले । इस ट्रायल के कामयाब होने के बाद प्रदेश की अन्य पानी की योजनाओं पर भी इस तरह के हाईटेक सिस्टम लगाए जाएंगे। हमीरपुर में जिन योजनाओं पर यह हाईटेक फिल्टर सिस्टम लगाए गए हैं उनके रिजल्ट काफी अच्छे आने के बाद अब दूसरी जगह पर भी इन्हें लगाने का काम होगा ।
जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता नीरज भोगल ने बताया कि 6 पेयजल योजनाओं पर ट्रायल बेस पर गैसेज कम्युनिकेशन और यू बी किट लगाई गई थी। इसके जरिए पानी फिल्टर करने का काम किया गया हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओ में पानी की सारी रिपोर्ट नियमों के मुताबिक प्राप्त की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के सीजन में लोगों को स्वच्छ पीने का पानी मिले इसके लिए जल शक्ति विभाग ने ग्रामीण इलाकों में विभाग के कर्मचारियों को पानी की स्वच्छता की जांच करने के लिए किट भी दी हैं। जहां पर लोग भी पानी की गुणवत्ता जांच करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि बरसात ने भी लोगों को साफ पानी पीने को मिले इस लेकर विभाग दिन रात जुटा हुआ हैं।
