मंडी,धर्मवीर (TSN)-मंडी में पुलिसकर्मी ने पहले एक आम आदमी के साथ सड़क पर बदसलूकी की और बाद में चौकी बुलाकर उसकी धुनाई कर डाली।इतना ही नहीं पुलिस कर्मी ने इस व्यक्ति के साथ गाली गलौच भी किया और व्यक्ति ने जब इसका विरोध किया तो उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। मामला मंडी शहर से जुड़ा है और शहरी चौकी प्रभारी पर यह आरोप लगे हैं।इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जिसमें पुलिस अधिकारी जनता के साथ विनम्रता के साथ व्यवहार करता नजर नहीं आ रहा है। शहर में हुई इस घटना के बाद मामला अब एसपी मंडी के पास पहुंच चुका है और एसपी ने भी इस पर जल्द कार्यवाही करने की बात कही है।
मंडी सिटी पुलिस चौकी प्रभारी पर लगे धमकाने व हाथापाई के आरोप
पीड़ित पवन ठाकुर के अनुसार वह पैलेस कालोनी मंडी के स्थाई निवासी हैं और बीते रोज दोपहर के समय वह जेल रोड़ में अपने भाई को खाने का टिफिन देने के लिए सड़क पर थोड़ी देर के लिए रूके लेकिन इतने में ही वहां पर सिटी पुलिस चौकी प्रभारी एक अन्य पुलिस जवान के साथ वहां आए और पवन के साथ बुरा व्यवहार शुरू कर दिया। एसपी मंडी को दी गई शिकायत में पवन ठाकुर ने बताया कि उसके साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया और साथ ही मां बहन की गंदी गालियां भी निकाली। इसके साथ ही वीडियो बनाने पर फोन भी तोड़ दिया।इसके बाद पवन को चौकी में बुलाया गया और वहां भी गाली गलौच के साथ थप्पड़ भी मारे गए और डरा धमका कर माफीनाम लिखवाने के गंभीर आरोप पवन ठाकुर ने सिटी पुलिस चौकी प्रभारी मनोज पर लगाए हैं।
एसपी साक्षी वर्मा ने भी दिए मामले की जांच के आदेश
एसपी मंडी से मिले प्रतिनिधी मंडल ने एक स्वर में चौकी इंचार्ज मनोज के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के साथ ही तबादले की मांग उठाई है।शिकायत कर्ता के अनुसार यदि उन्हें पुलिस विभाग की ओर से न्याय नहीं मिलता तो वह कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।वहीं जब इस बारे में एसपी मंडी साक्षी वर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जाएगी और कानून के अनुसार उचित कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
