Shimla,Sanju(TSN):राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने एक अलग निदेशालय के गठन के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है।इसी क्रम में शुक्रवार 26 अप्रैल को शिमला के चौड़ा मैदान में लगभग 10 हजार प्राथमिक शिक्षक सांकेतिक धरना प्रदर्शन करेंगे।संघ का कहना है कि अगर इस प्रदर्शन के बाद भी सरकार ने कोई ठोस लिखित आश्वासन नहीं दिया,तो उसी दिन से क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का निदेशालय गठन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वे शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलावों का समर्थन करते हैं,लेकिन नया निदेशालय शिक्षकों के हित में नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला केवल प्रशासनिक पदों की संख्या बढ़ाने के लिए किया जा रहा है, जो शिक्षा सुधार की भावना के विपरीत है।शर्मा ने यह भी बताया कि 6 फरवरी को शिक्षा सचिव के साथ हुई बैठक में आश्वासन तो मिला था,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे शिक्षकों में भारी निराशा है। उन्होंने कहा कि पुनर्गठन समिति में प्राथमिक शिक्षक संघ को शामिल न करना अनुचित है और इससे निर्णयों की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
संघ ने यह भी निर्णय लिया है कि 26 अप्रैल से सभी शैक्षिक कार्यों का बहिष्कार कर केवल ऑनलाइन कार्य किया जाएगा,साथ ही अन्य गैर-शैक्षिक कार्यों से दूरी बनाई जाएगी। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी संघ ने राज्य सरकार और शिक्षा विभाग पर डाली है।इस बीच सरकार ने भी सख्त रुख अपनाते हुए प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी है और प्रेस वार्ता के दौरान संघ पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि आंदोलन में भाग लेने पर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
