Shimla, 25 July-उमंग फाउंडेशन 27 जुलाई को “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत दिव्यांग युवाओं के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र में स्थित ज्वाला माता मंदिर के पास आयोजित किया जाएगा। इसमें शिमला के प्रतिष्ठित आर्किड होटल का प्रबंधन और वन विभाग सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
फाउंडेशन के ट्रस्टी और अभियान के संयोजक विनोद योगाचार्य ने बताया कि उमंग फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से वर्षा ऋतु में शिमला के ग्रामीण इलाकों में वन विभाग द्वारा चयनित स्थलों पर वृक्षारोपण करता आ रहा है। संस्था न केवल पौधे लगाती है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर संरक्षण भी सुनिश्चित करती है। अब तक संस्था हजारों पौधे लगा चुकी है।
विनोद योगाचार्य ने बताया कि उमंग फाउंडेशन दिव्यांगजनों, बेसहारा महिलाओं, बेघर बुजुर्गों, अनाथ बच्चों और मानसिक रूप से असहाय व्यक्तियों के लिए कार्य करता है। इसके साथ-साथ संस्था नियमित रक्तदान शिविर और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों का संचालन भी करती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में एक पौधा अवश्य लगाएं और उसका पालन-पोषण भी करें।
