Chintpurni, 14 September -रविवार को चिंतपूर्णी बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक जहरीला सांप अचानक नाली से बाहर निकल आया। जैसे ही राहगीरों और दुकानदारों ने सांप को देखा, लोग इधर-उधर भागने लगे और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कुछ ही देर में यह खबर पूरे बाजार में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। इस बीच स्थानीय लोगों और एक ढाबा कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए डंडे और बोरी की मदद से सांप को पकड़कर एक डिब्बे में सुरक्षित बंद कर दिया। सांप के काबू में आने तक लोगों में दहशत बनी रही, लेकिन जैसे ही उसे डिब्बे में बंद किया गया, बाजार में मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।जानकारी के अनुसार बीते दिनों लगातार हो रही बारिश के चलते नालियों और गली-मोहल्लों से सांप और अन्य जहरीले जीवों के निकलने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं।
