Shimla, 12 November-:भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बावजूद विकास पूरी तरह ठप है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके मंत्री केवल भाजपा का नाम लेकर राजनीति कर रहे हैं, जबकि सरकार ने अब तक एक भी जनकल्याणकारी योजना शुरू नहीं की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है। पूर्व भाजपा सरकार की ‘हिमकेयर योजना’ से लाखों लोगों को लाभ मिल रहा था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसे बंद कर दिया। वहीं, केंद्र की ‘आयुष्मान भारत योजना’ का लाभ भी प्रदेश की जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। 108 एम्बुलेंस सेवा भी अव्यवस्थित हो गई है, जिससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि तीन साल में न युवाओं के लिए रोजगार नीति बनी, न महिलाओं या गरीबों के उत्थान के लिए कोई योजना शुरू हुई। सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरी तरह भुला दिया है। युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियों और पाँच लाख रोजगार देने का वादा आज भी अधूरा है।
बिंदल ने सरकार पर संस्थानों को बंद करने की नीति अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूलों को मर्ज करने, शिक्षकों की कमी और संसाधनों के अभाव से शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि “मुख्यमंत्री व्यवस्था परिवर्तन की बात करते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि प्रदेश में व्यवस्था पतन हो रहा है।” उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह दी कि वे दूसरों पर दोष मढ़ने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और जनता को बताएँ कि तीन वर्षों में उन्होंने प्रदेशहित में कौन-सी नई योजना शुरू की है।
