Shimla,11 November-:दिल्ली के लाल क़िले के पास हुए धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने भी एहतियातन सुरक्षा कड़े कर दिए हैं। राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और हर वाहन की गहन जांच की जा रही है। शिमला में बाहरी राज्यों से आने वाली गाड़ियों की कड़ी चेकिंग के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह कदम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। अब तक किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं मिली है और स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति या वस्तु पर संदेह हो तो तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी टीमों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं और संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग भी बढ़ा दी गई है।
शिमला में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है और पर्यटक सामान्य रूप से घूमने-फिरने का आनंद ले रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफ़वाहों पर ध्यान न देने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता से शहर में सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है।
