Dharamshala, Rahul-:पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा सत्र के समापन अवसर पर सरकार को तीखे शब्दों में घेरा। उन्होंने कहा कि सदन में सवालों के जवाब देने के बजाय मौजूदा सरकार लगातार भ्रम फैलाने का काम कर रही है। प्रदेश हितों से जुड़े मुद्दों पर सटीक जानकारी देने के बजाय विभाग और सरकार तथ्य घुमा-फिराकर पेश करते हैं या फिर सूचनाएं एकत्र करने के बहाने देरी और असत्य का सहारा लेते हैं। कई बार वही जानकारी, जो विभाग सूचना के अधिकार के तहत पहले ही उपलब्ध करा चुका है, उसे सदन में जानबूझ कर रोका जाता है। इससे सरकार द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा होता है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में लोग उपचार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, परिवार गहने बेचने को मजबूर हैं, और कई माता-पिता अपनी संतानों की दवाइयों के लिए कर्ज में डूब रहे हैं। उन्होंने कहा कि 50 हजार रुपये के इंजेक्शन तक के अभाव में किसी बेटी का सिर से पिता का साया उठ जाना अत्यंत पीड़ादायक है, लेकिन इसके विपरीत सरकार विपक्ष के खिलाफ दुष्प्रचार पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। यह प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर आई सरकार ने व्यवस्थाओं को चरमरा दिया है और पूरा सत्र सरकार की नाकामी एवं कुछ मंत्रियों के बड़बोलेपन की भेंट चढ़ गया।
जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, सचिवालय और सत्र आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।धारा 118 को कमजोर करने के प्रयासों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह कानून हिमाचल की जमीन और पहचान की सुरक्षा के लिए बनाया गया था। सरकार यदि इसे संशोधित करने का प्रयास करती है तो यह प्रदेश हितों के साथ समझौता होगा, जिसे इतिहास माफ नहीं करेगा। उन्होंने बिल को वापस लेने की मांग दोहराई।सत्र के पहले दिन भाजपा विधायकों ने नशे के खिलाफ मुहिम को मजबूती देने का संकल्प लिया। नशामुक्ति के संदेश वाली जर्सी पहनकर सभी विधायक सदन पहुंचे। जयराम ठाकुर ने कहा कि नशा तेज़ी से युवाओं को अपनी चपेट में ले रहा है और इस लड़ाई में सरकार, पुलिस और समाज को मिलकर आगे आना होगा। भाजपा ने इस अभियान में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।
