Shimla, 24 December-:प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मंगलवार को अपने गृह क्षेत्र जुब्बल के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में आयोजित कई सामाजिक, शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया।शिक्षा मंत्री ने जुब्बल के ऐतिहासिक खेल स्टेडियम में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में भाग लेकर नशा-मुक्त हिमाचल अभियान को समर्थन दिया। जुब्बल प्रशासन द्वारा आयोजित इस जागरूकता रैली में लगभग 1200 लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्कूलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की टीमों को शिक्षा मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं का नशे की चपेट में आना समाज के लिए गंभीर चुनौती है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही रोका जा सकता है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशा-मुक्ति की शपथ भी दिलाई।प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का लोकार्पणशिक्षा मंत्री ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, जुब्बल के नवीनीकृत कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस भवन पर लगभग 27 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। उन्होंने कहा कि इस नए भवन से अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य सुविधाएं मिलेंगी, जिससे शिक्षा विभाग के कार्यों में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।
“उड़ान महासंगम-2” में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल
इसके उपरांत शिक्षा मंत्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सरस्वती नगर में एनएसयूआई द्वारा आयोजित “उड़ान महासंगम-2” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।अपने संबोधन में उन्होंने एनएसयूआई को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि सरस्वती नगर महाविद्यालय जुब्बल व रोहड़ू क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख शिक्षण संस्थान है। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय न केवल शिक्षा बल्कि सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है और यहाँ से निकले विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रदेश व देश की सेवा कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। बीते तीन वर्षों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर हुए सर्वेक्षणों में हिमाचल प्रदेश को अग्रणी स्थान मिला है।उन्होंने घोषणा की कि सरस्वती नगर महाविद्यालय में बीपीएड पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया है और औपचारिकताएं पूरी होते ही कक्षाएं आरंभ कर दी जाएंगी। इसके साथ ही महाविद्यालय में बीबीए ब्लॉक एवं इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए शीघ्र टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षणशिक्षा मंत्री ने 35 लाख रुपये की लागत से नवीनीकृत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सरस्वती नगर भवन का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने एक करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन महाविद्यालय मैदान के समतलीकरण कार्य का भी जायजा लिया।
