शिमला/हमीरपुर। देश-विदेश में मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में पहचान बना चुकी हिमाचल की बेटी वंशिका परमार अब प्रदेश के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के मिशन पर हैं। हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम ने उन्हें वर्ष 2023 में राज्य का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया था, ताकि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार किया जा सके।
हालांकि, वंशिका परमार ने पर्यटन विभाग के कामकाज को लेकर असंतोष भी जाहिर किया है। उनका कहना है कि वे बिना किसी मानदेय के हिमाचल के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग के साथ काम करना चाहती हैं, लेकिन पिछले दो वर्षों से विभाग की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ सके हैं। उन्होंने बताया कि वह कई बार ई-मेल के माध्यम से और व्यक्तिगत रूप से अधिकारियों से मिलीं, लेकिन ठोस प्रगति नहीं हुई।
एक वर्ष पहले पर्यटन विभाग ने वंशिका को विदेश से बुलाकर डॉक्यूमेंट्री और प्रमोशनल वीडियो शूट करवाए थे, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक उन वीडियो को जारी नहीं किया गया है। इतना ही नहीं, पर्यटन निगम की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी उन्हें ब्रांड एंबेसडर के रूप में प्रमुखता नहीं दी गई है।
इस मुद्दे को लेकर वंशिका परमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की और अपनी नाराजगी खुलकर सामने रखी। मुख्यमंत्री ने पर्यटन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे हिमाचल के पर्यटन को प्रमोट करने के लिए वंशिका के सहयोग का प्रभावी ढंग से उपयोग करें।
शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में हिमाचल टूरिज्म ब्रांड एंबेसडर वंशिका परमार ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलें और राज्य में एक मजबूत टूरिज्म इकोसिस्टम विकसित हो। उन्होंने कहा कि हिमाचल में अपार संभावनाएं हैं, जरूरत सिर्फ सही रणनीति और सक्रिय सहयोग की है।
हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली वंशिका परमार ने महज 18–19 वर्ष की उम्र में मिस अर्थ इंडिया 2022 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद उन्होंने फिलीपींस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मिस अर्थ प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया और यह उपलब्धि हासिल करने वाली हिमाचल की पहली बेटी बनीं। उन्होंने अपनी पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस कॉलेज से पूरी की है। उनके पिता सुशील कुमार परमार भारतीय वायु सेना में ग्रुप कैप्टन के पद पर कार्यरत हैं।
वंशिका न केवल हिमाचल पर्यटन की ब्रांड एंबेसडर हैं, बल्कि वह चुनाव विभाग की ब्रांड एंबेसडर भी रह चुकी हैं। इसके अलावा, वह घाना और फिलीपींस में पर्यटन दूत के रूप में काम कर चुकी हैं और लद्दाख में जी-20 अध्यक्षता के दौरान दुनिया के सबसे ऊंचे रनवे ‘उमलिंग-ला इंटरनेशनल फैशन रनवे’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वे एक सेलिब्रिटी एंकर, मोटिवेशनल स्पीकर और पर्यावरण संरक्षण की सक्रिय पैरोकार भी हैं। वंशिका परमार का कहना है कि यदि सरकार और विभाग सक्रियता से काम करें, तो हिमाचल पर्यटन को वैश्विक मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जा सकता है।
