Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दांद्रू गांव के ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हमीरपुर से दांद्रू से मानखाड़ स्थित श्मशानघाट तक संपर्क मार्ग उपलब्ध करवाने की मांग की है। इस संबंध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने बताया कि संपर्क मार्ग न होने के कारण उन्हें शवों को श्मशानघाट तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि श्मशानघाट गांव से लगभग 2.5 किलोमीटर दूर स्थित है, लेकिन सड़क सुविधा के अभाव में अंतिम संस्कार के समय अत्यधिक परेशानी होती है। इसके अतिरिक्त, बीमार व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल तक पहुंचाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।उपायुक्त कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि दांद्रू और मानखाड़ के बीच रहने वाले ग्रामीण लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सड़क के लिए पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जो राजस्व अभिलेखों में पथ और शामलात भूमि के रूप में दर्ज है, इसके बावजूद आज तक सड़क निर्माण नहीं हो पाया है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिस भूमि पर सड़क निर्माण प्रस्तावित है, वहां कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है, जिसके चलते सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने तथा शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की।
