Nahan, Satish Sharma-:नाहन शहर के यशवंत विहार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जन समस्याओं को लेकर आज नगर परिषद नाहन द्वारा एक जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को लेकर नगर परिषद के समक्ष लिखित शिकायतें दर्ज करवाईं।
मीडिया से बातचीत करते हुए स्थानीय वार्ड के भाजपा पार्षद विक्रम वर्मा ने बताया कि यशवंत विहार क्षेत्र में लोगों को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इनमें प्रमुख रूप से सीवरेज, ड्रेनेज और सड़क निर्माण से जुड़ी दिक्कतें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी डीलर्स और बिल्डर्स द्वारा की गई मनमानी के कारण स्थानीय निवासी परेशान हैं।पार्षद ने बताया कि प्लॉट बेचते समय प्रॉपर्टी डीलर्स द्वारा लोगों से जो सुविधाओं के वादे किए गए थे, वे आज तक पूरे नहीं हुए हैं, जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों ने अपनी लिखित शिकायतें दर्ज करवाई हैं।विक्रम वर्मा ने आगे बताया कि नगर परिषद की ओर से संबंधित प्रॉपर्टी डीलर्स और बिल्डर्स को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही उनके साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासनिक स्तर पर समाधान नहीं होता है तो वे लोगों को न्याय दिलाने के लिए उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
