Una, Rakesh-:जिला ऊना में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला लगातार जारी है। बीते दिन गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में बैठकें संपन्न हुईं, जबकि आज कुटलैहड़ और हरौली विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। इसी क्रम में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के दोनों भाजपा मंडलों की संयुक्त मोर्चा बैठक आज समूर मंदिर परिसर में आयोजित की गई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सिद्धार्थन और प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने विशेष रूप से शिरकत की। उनके साथ रश्मि सूद, विशाल चौहान, अमित कुमार, जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास तथा जिला महामंत्री पंहु लाल भारद्वाज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो की भी विशेष उपस्थिति रही।जिला भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और बूथ स्तर पर पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में दोनों मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बूथ प्रभारी सहित सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष व पदाधिकारियों ने भाग लिया।उन्होंने कहा कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण रही, जिसमें बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा की गई और आने वाले समय के लिए रणनीति तय की गई। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सिद्धार्थन ने संगठनात्मक विषयों पर मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने और भविष्य की चुनौतियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
