शिमला : मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों से आगामी जनगणना प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लेने और ‘स्वगणना’ सुविधा का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नागरिक 1 जून से 15 जून 2026 तक स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिससे जनगणना कार्य अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना किसी भी राज्य और देश की विकास योजनाओं की आधारशिला होती है। इसके माध्यम से जनसंख्या, आवास, परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो भविष्य की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं।उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण के तहत 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी, जिसमें प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए घरों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 11 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा, जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों में यह प्रक्रिया 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 के बीच पूरी की जाएगी।उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे जनगणना कर्मचारियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि राज्य के समग्र विकास के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें और जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
TAGGED:
Shimla CM Sukhwinder singh sukhu
Chandrika
