शिमला, संजू -:स्थानीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणामों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जमवाल ने दावा किया कि चुनाव परिणामों ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है और जनता का समर्थन भाजपा के पक्ष में दिखाई दिया है।
राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनावों को गंभीरता से लिया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों तथा कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी सवाल किया कि क्या उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में जाकर मतदान किया था।
जमवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा नेतृत्व को लेकर की जा रही टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चुनाव परिणामों की वास्तविकता को स्वीकार नहीं कर रहे हैं।भाजपा नेता ने कहा कि चार नगर निगमों में हुए चुनावों में मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगमों में भाजपा को स्पष्ट सफलता मिली है। उनके अनुसार मंडी नगर निगम की 14 में से 12 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार विजयी रहे, जबकि धर्मशाला और सोलन में भी पार्टी को जनसमर्थन प्राप्त हुआ।उन्होंने दावा किया कि जिला परिषद चुनावों में भी भाजपा ने कांग्रेस की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। जमवाल के अनुसार भाजपा ने अधिकृत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था और मतदाताओं ने उन पर भरोसा जताया।राकेश जमवाल ने कहा कि मंडी नगर निगम चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई विभिन्न घोषणाओं के बावजूद कांग्रेस को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। उन्होंने इसे जनता के बदलते राजनीतिक रुझान का संकेत बताया।उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार गठन के बाद पार्टी के कुछ विधायकों के अलग होने से संगठन और नेतृत्व पर प्रश्नचिह्न लगे हैं। जमवाल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय अपनी स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।भाजपा नेता ने चुनाव परिणामों को प्रदेश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता कांग्रेस सरकार से निराश है और भाजपा के पक्ष में समर्थन बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी भाजपा मजबूत स्थिति में रहेगी।
TAGGED:
Shimla BJP MLA Rakesh jamwal
Chandrika
