शिमला-: शोघी में आयोजित दो दिवसीय आनंद मेला रविवार को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए युवाओं को खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि खेल न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल प्रतिभाओं के लिए रोजगार के भी बेहतर अवसर उपलब्ध हैं। सरकार विभिन्न विभागों में खेल कोटे के माध्यम से खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है।उन्होंने कहा कि मेलों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हमारी पुरानी परंपरा का हिस्सा रहा है। मेले हमारी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और लोक परंपराओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। आनंद मेला शोघी पिछले कई वर्षों से क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष इस आयोजन का स्वरूप और स्तर बेहतर हो रहा है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देते हैं।
उपायुक्त ने पंचायतों में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे आम लोगों को समयबद्ध राहत मिल सके।इस अवसर पर उपायुक्त ने मेला आयोजन समिति के सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

