बिलासपुर,सुभाष-: जनगणना-2027 के सफल संचालन के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इस अभियान के तहत जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें। इस संबंध में आयोजित एक प्रेस वार्ता में उपायुक्त राहुल कुमार ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का पहला चरण डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। इस दौरान 1 जून से 15 जून तक नागरिकों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी तथा लोगों का समय भी बचेगा।उन्होंने आगे बताया कि दूसरे चरण में 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक और फील्ड अधिकारी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके आधार पर जनसंख्या, सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाएंगे।राहुल कुमार ने कहा कि जनगणना केवल एक सांख्यिकीय प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश की विकास योजनाओं की आधारशिला भी है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, आवास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं संसाधनों के उचित वितरण में किया जाता है।उन्होंने जिला वासियों से आग्रह किया कि वे सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा सर्वेक्षण के लिए घर पहुंचने वाले प्रगणकों और अधिकारियों का सहयोग करें। प्रशासन का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करना है, जिसके लिए जनसहभागिता को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया।
TAGGED:
Bilaspur census-2027
Chandrika
