धर्मशाला, राहुल -:नगर निगम धर्मशाला के तीन निर्वाचित पार्षदों और उनके परिवार के सदस्यों पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के आरोपों की जांच पूरी होने के बाद जिला प्रशासन ने अपनी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी है। प्रशासन का कहना है कि मामले में नगर निगम अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि नगर निगम चुनाव संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन को तीन पार्षदों और उनके परिजनों द्वारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के आधार पर एसडीएम धर्मशाला के माध्यम से विस्तृत जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई है।
उपायुक्त ने कहा कि जांच में अतिक्रमण पाए जाने के बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत पूरी रिपोर्ट प्रदेश सरकार को भेज दी गई है। अब सरकार संबंधित नियमों के अनुसार उचित निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत चुनाव के बाद प्राप्त हुई थी, लेकिन शिकायत दर्ज कराने की कोई समय-सीमा निर्धारित नहीं होती। यदि किसी भी समय शिकायत मिलती है और जांच में तथ्य सही पाए जाते हैं, तो प्रशासन कानून के अनुसार कार्रवाई करता है। उपायुक्त ने कहा कि इस मामले में भी सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
