नूरपुर -: पुलिस थाना रैहन के अंतर्गत फतेहपुर मार्ग पर सीआरसी स्कूल के समीप बीती रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।मृतक की पहचान अमन गुलेरिया (20) पुत्र/निवासी गांव दरोट, डाकघर सुनहरा, तहसील फतेहपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर फतेहपुर मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सीआरसी स्कूल के पास बाइक अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में अमन गुलेरिया को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रैहन की टीम थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।एएसपी नूरपुर धर्मचंद वर्मा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

