मंडी-: भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती के पद बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को लिखे पत्र पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को दूसरे राज्यों में रोजगार के मुद्दे उठाने से पहले हिमाचल प्रदेश में अपनी ही पार्टी की सरकार से युवाओं को दिए रोजगार के वादों का हिसाब मांगना चाहिए।
जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश के युवाओं को पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार द्वारा हाईकोर्ट में दिए हलफनामे के अनुसार 1,07,466 सरकारी पद रिक्त हैं। इसके बावजूद लंबे समय से खाली पड़े पदों को समाप्त करने की नीति अपनाई जा रही है।भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि यदि प्रदेश में एक लाख से अधिक पद खाली हैं तो इन पर भर्ती क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि उन्होंने हिमाचल सरकार से इन पदों को भरने और युवाओं को रोजगार देने के संबंध में अब तक क्या सवाल किया है।जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को नियमित रोजगार और बेहतर भविष्य का भरोसा दिया था, लेकिन अब विभिन्न योजनाओं के तहत ‘मित्र’ के नाम पर अस्थायी रोजगार देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा नियमित नियुक्ति, सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित भविष्य चाहते हैं।उन्होंने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में युवाओं की आवाज उठाना चाहती है तो उसकी गूंज हिमाचल के बेरोजगार युवाओं तक भी पहुंचनी चाहिए।जम्वाल ने कहा कि राहुल गांधी को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखने के साथ हिमाचल के मुख्यमंत्री से भी पूछना चाहिए कि पांच लाख रोजगार की गारंटी का क्या हुआ और 1,07,466 रिक्त पदों पर भर्ती कब होगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल के युवा अब वादे नहीं, बल्कि रोजगार पर ठोस कार्रवाई चाहते हैं।
