शिमला, संजू- भारतीय जनता पार्टी जिला शिमला की विशेष संगठनात्मक बैठक प्रदेश कार्यालय दीपकमल में जिला अध्यक्ष केशव चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद सुरेश चंदेल तथा पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि संगठन के निर्देशानुसार अब प्रत्येक माह जिला स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी मंडलों और मोर्चों की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमित बैठकों के माध्यम से संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा तथा आगामी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने जिला प्रभारी के समक्ष अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों का विस्तृत विवरण भी प्रस्तुत किया।जिला प्रभारी सुरेश चंदेल ने कहा कि आने वाला समय राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अनेक विकासात्मक परियोजनाएं शुरू की गईं, जिनका लाभ आज भी जनता को मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूर्व सरकार की योजनाओं का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है और अपने चुनावी वादों को पूरा करने में असफल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार और पूर्व भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।बैठक में जिला सह प्रभारी नितेन कुमार, प्रदेश भाजपा सचिव कुसुम सदरेट, प्रदेश मीडिया प्रभारी करण नंदा, किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष संजीव देश्टा, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन को आगामी कार्यक्रमों के लिए पूरी तरह सक्रिय और संगठित रखने का संकल्प भी लिया गया।
