हमीरपुर, अरविंद-: सामाजिक सेवा के लिए समर्पित सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर ने गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आठ जरूरतमंद मरीजों को उपचार के लिए कुल 11 लाख 75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। परिषद ने महंगाई और बढ़ते उपचार खर्च को ध्यान में रखते हुए कैंसर मरीजों के लिए सहायता राशि एक लाख रुपये से बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है। यह राशि चार चरणों में उपचार संबंधी बिल प्रस्तुत करने के आधार पर जारी की जाएगी।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में चार कैंसर मरीजों को 50-50 हजार रुपये की पहली किस्त के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा एक ब्रेन ट्यूमर पीड़ित को भी 50 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई। अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए भी आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया। एक महिला के उपचार के लिए एक लाख रुपये स्वीकृत किए गए, जिसमें पहली किस्त के रूप में 25 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। वहीं दो अन्य मरीजों को क्रमशः 25 हजार और 50 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की गई।इस अवसर पर सीनियर सिटीजन काउंसिल के अध्यक्ष भगवान दास शास्त्री ने कहा कि परिषद लंबे समय से जरूरतमंद और असहाय मरीजों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा का यह अभियान आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा।
