Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना कोट कैहलूर की टीम ने दो युवकों को 13.39 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई गांव जंडोरी के समीप की गई, जहां पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ के अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन और अन्य संबंधित सामग्री भी बरामद की। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (HP20B-5305) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।पुलिस ने इस मामले में थाना कोट कैहलूर में अभियोग संख्या 60/2026, दिनांक 12 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धनपत उर्फ गोल्डी पुत्र तेजू राम तथा रोहित कुमार उर्फ रोतू पुत्र विधि चंद के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव बरोठा डवाला, डाकघर तरसूह, तहसील श्री नयना देवी जी, जिला बिलासपुर के निवासी बताए गए हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन-किन लोगों तक की जा रही थी। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच करते हुए इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
