Summer express/हमीरपुर, अरविंद- :हिमाचल प्रदेश के डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी (सोलन) में विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश फीस में की गई बढ़ोतरी को लेकर एनएसयूआई ने कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि का निर्णय तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी की गई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष टोनी ठाकुर ने कहा कि विश्वविद्यालय ने नए शैक्षणिक सत्र में विभिन्न कोर्सों की फीस में लगभग 30 से 35 हजार रुपये तक की वृद्धि कर दी है। उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय के प्रॉस्पेक्टस में पहले कम फीस का उल्लेख किया गया था, जबकि प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्रों से अधिक शुल्क लिया जा रहा है। उन्होंने इस निर्णय को छात्र विरोधी बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।टोनी ठाकुर ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द फीस वृद्धि वापस नहीं लेता तो एनएसयूआई कुलपति का घेराव करेगी और परिसर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से छात्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की।इस दौरान उन्होंने सांसद कंगना रनौत के हालिया Gen Z संबंधी बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समाज के हर वर्ग के प्रति जिम्मेदारी और संयम के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उनके अनुसार इस तरह की टिप्पणियां युवाओं की भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोग अधिक जिम्मेदारी के साथ बयान देंगे।
