ऊना,राकेश -:संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना में तीज पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हिमोत्कर्ष महिला मंच के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में इन्नर व्हील क्लब ऊना की अध्यक्ष अमरजीत बबली ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।कार्यक्रम के दौरान संस्थान की छात्राओं ने व्यंजन, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्यंजन प्रतियोगिता में छात्राओं ने खीर, मालपूड़े, पतेहड़ और दही-भल्ला सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजन तैयार किए। छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फैशन डिजाइनिंग ट्रेड की छात्राओं ने महिला मंच की सदस्यों तथा संस्थान की अन्य छात्राओं के हाथों पर मेहंदी के सुंदर डिजाइन उकेरे। वहीं कटिंग-टेलरिंग ट्रेड की छात्राओं ने भी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।हिमोत्कर्ष महिला मंच की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी तीज पर्व के अवसर पर छात्राओं के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्राओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। प्रतियोगिताओं में प्रथम रहने वाली छात्राओं को शुक्रवार को आयोजित सांस्कृतिक समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
