बिलासपुर, सुभाष-:हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी में श्रावण अष्टमी मेले के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच भाजपा विधायक एवं प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने मां श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों सहित मेले में पहुंच रहे श्रद्धालुओं को श्रावण अष्टमी नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।श्रावण अष्टमी के पावन अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा ने श्री नैना देवी मंदिर पहुंचकर माता रानी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रणधीर शर्मा ने कहा कि श्री नैना देवी का श्रावण अष्टमी मेला धार्मिक आस्था और हमारी प्राचीन संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। सदियों से इन मेलों को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है और हर वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचते हैं।उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन और मंदिर न्यास की ओर से मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए होंगे। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए यातायात, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।रणधीर शर्मा ने कहा कि उनका विश्वास है कि प्रशासन और मंदिर न्यास श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाएंगे, ताकि माता के दरबार में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े।
