मंडी, धर्मवीर-: छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्याथी परिषद यानी एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सररकार से प्रदेश में छात्रसंघ के चुनावों को जल्द बहाल करने की मांग उठाई है। बता दें कि प्रदेश में छात्रसंघ के चुनाव काफी लंबे समय से बंद पड़े हैं। एबीवीपी का कहना है कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस सरकार ने इन्हें बहाल करने की बात कही थी जिसे आज दिन तक पूरा नहीं किया गया है।
इसी बात को लेकर व छात्रों के अन्य मुद्दों को लेकर मंगलवार को एबीवीपी ने वल्लभ कॉलेज मंडी में धरना प्रदर्शन किया और कॉलेज के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। एबीवीपी कार्यकर्ता अमित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने छात्रों से जो वादे किए हैं उन्हें तुरंत प्रभाव से पूरा किया जाना चाहिए। एचपीयू में फीस बढ़ोतरी की गई है उसे तुरंत प्रभाव से वापिस लिया जाना चाहिए। वल्लभ कॉलेज मंडी के साईंस ब्लॉक की हालत ठीक नहीं है। इसकी दशा को भी जल्द से जल्द सुधारा जाना चाहिए। अमित ठाकुर ने बताया कि छात्रों से जुड़ी हुई जायज मांगों पर न तो प्रदेश सरकार गंभीरता दिखा रही है और न ही कॉलेज प्रशासन। इन्होंने चेतावनी दी है कि अगर यही हाल रहा तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
