किन्नौर-: प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों और किन्नौर की विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी कल्पा मंडल ने शुक्रवार को विशाल जनाक्रोश रैली का आयोजन किया। मंडल अध्यक्ष कंवर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।रैली को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए लगभग चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन किन्नौर की जनता आज भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर हुए विकास कार्यों का स्पष्ट हिसाब चाहती है।
जनाक्रोश रैली के मुख्य वक्ता सूरत नेगी ने स्थानीय विधायक एवं मंत्री जगत सिंह नेगी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से सत्ता में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने के बावजूद क्षेत्र की कई समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विधायक से अपने कार्यकाल की उपलब्धियों तथा लंबित विकास कार्यों को लेकर जनता के समक्ष स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।भाजपा जिला किन्नौर अध्यक्ष यशवंत नेगी, हकीम नेगी, नरेंद्र नेगी तथा इंदर सैन नेगी ने भी रैली को संबोधित किया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों और स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा जनता की समस्याओं को लगातार प्रमुखता से उठाती रहेगी।भाजपा नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है और जनता के सवालों का स्पष्ट उत्तर देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि किन्नौर की जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा जाता रहेगा।

